कथा के षष्ठम दिवस पर पूज्य महाराज श्री के सुपुत्र श्री देवांश ठाकुर जी ने भक्तों को श्रीमद्भागवत चिंतन का दिव्य रसपान कराया। उन्होंने श्रीकृष्ण और गोपियों के अनुपम प्रेम प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि गोपियों का प्रेम सांसारिक नहीं, बल्कि परमात्मा के प्रति पूर्ण समर्पण, निष्काम भक्ति और आत्मिक प्रेम का प्रतीक है। गोपियों ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित कर दिया था। उनका एकमात्र उद्देश्य प्रभु के चरणों में प्रेम और भक्ति अर्पित करना था। श्रीकृष्ण और गोपियों का प्रेम संसार को यह शिक्षा देता है कि सच्ची भक्ति में किसी प्रकार का स्वार्थ नहीं होता, बल्कि केवल प्रभु प्राप्ति की तड़प और समर्पण का भाव होता है।

देवांश ठाकुर जी के भजनों पर कथा में कथा पंडाल में उपस्थित सभी भक्त झूम उठे। उनके श्रीमुख से निकले भजनों को सुनकर कथा पंडाल में उपस्थित भक्त भाव-विभोर हो उठे और प्रभु प्रेम में झूमने लगे।

श्रीकृष्ण और राधा रानी अलग-अलग नहीं, बल्कि एक ही दिव्य शक्ति के दो स्वरूप हैं। जिस प्रकार सूर्य और उसकी किरणों को अलग नहीं किया जा सकता, उसी प्रकार राधा और कृष्ण भी एक-दूसरे से अभिन्न हैं। श्रीकृष्ण प्रेम के स्वरूप हैं तो राधा रानी उस प्रेम की पराकाष्ठा हैं। राधा के बिना कृष्ण अधूरे हैं और कृष्ण के बिना राधा की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

कथा में श्री कृष्ण और रुक्मिणी जी का विवाह बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। जब श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह से जुड़े भजनों की प्रस्तुति हुई, तो श्रद्धालु अपने आप को रोक नहीं पाए और भक्ति भाव में झूम उठे।भक्तगण भक्ति रस में डूबकर झूम उठे, तालियों की गूंज और “राधे-श्याम” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। ऐसा लग रहा था मानो साक्षात भगवान श्रीकृष्ण स्वयं उस स्थल पर उपस्थित होकर अपने भक्तों के साथ आनंद मना रहे हों।

महारास कोई साधारण नृत्य या सांसारिक लीला नहीं है, बल्कि यह जीवात्मा और परमात्मा के मिलन का प्रतीक है। वृंदावन की पावन भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के साथ महारास रचाकर संसार को यह संदेश दिया कि जब भक्त पूर्ण समर्पण और निष्काम प्रेम के साथ भगवान का स्मरण करता है, तब प्रभु स्वयं उसके निकट आ जाते हैं। गोपियों का प्रेम निस्वार्थ भक्ति, समर्पण और परम प्रेम का सर्वोच्च उदाहरण है। महारास का वास्तविक अर्थ है भगवान के प्रति ऐसा प्रेम, जिसमें अहंकार, स्वार्थ और सांसारिक इच्छाओं का कोई स्थान न हो।

भगवान श्रीकृष्ण का प्रत्येक कार्य धर्म और भक्तों की रक्षा के लिए होता था। श्रीकृष्ण का रण छोड़ना कायरता नहीं, बल्कि धर्म, साधु-संतों और भक्तों की रक्षा के लिए लिया गया एक दिव्य निर्णय था। भगवान का लक्ष्य केवल युद्ध जीतना नहीं, बल्कि धर्म की स्थापना और सज्जनों की रक्षा करना था। इसी कारण उन्हें “रणछोड़राय” के नाम से भी पूजा जाता है। कभी-कभी बड़े उद्देश्य और लोककल्याण के लिए अपने अहंकार का त्याग कर बुद्धिमानी से निर्णय लेना ही सच्ची वीरता होती है।

पिता पूरे परिवार की शक्ति, सुरक्षा और सम्मान का आधार होते हैं। वे अपने बच्चों के सुखद भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं और अपने सपनों का त्याग कर उनकी खुशियों को पूरा करने का प्रयास करते हैं। एक पिता का प्रेम भले ही शब्दों में कम दिखाई दे, लेकिन उनके हर त्याग, संघर्ष और चिंता में अपने बच्चों के प्रति असीम स्नेह छिपा होता है। इस संसार में पिता से बढ़कर जीवन में कुछ भी नहीं, क्योंकि उनका प्रेम, संरक्षण और आशीर्वाद अनमोल होता है।

हम जितना मन लगाकर खाना खाते हैं और पैसा कमाते हैं, उतना ही मन ईश्वर भक्ति में लगा दें, तो हमारा जीवन स्वयं ही संतुलित, शांत और सफल हो जाएगा। धन और भोजन शरीर का पालन करते हैं, परंतु भक्ति आत्मा को तृप्त करती है। जिस प्रकार हम रोज भोजन किए बिना नहीं रह सकते, उसी प्रकार हमें प्रतिदिन कुछ समय नामस्मरण, कीर्तन और सत्संग के लिए भी अवश्य निकालना चाहिए। जब मन पूरी श्रद्धा और एकाग्रता से भगवान के चरणों में समर्पित होता है, तब जीवन की चिंताएँ हल्की हो जाती हैं।

हर सनातनी को अपने धर्म के बारे में जानना चाहिए। सनातन धर्म अनंत काल से हमें ज्ञान और मोक्ष का मार्ग दिखाता है। हमें सद्बुद्धि प्रदान करता है । अपने धर्म की रक्षा के लिए लड़ना पडता है । आगे आकर अपने धर्म का बचाव करना पड़ता है. हमे सिर्फ सोशल मीडिया पर हिन्दू नहीं बनना है बल्कि हिन्दू समाज को जागृत करके अपने सनातन धर्म की रक्षा करनी है।

अधिक मास के पावन माह में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन

दिनांक: 29 मई से 04 जून 2026 तक

समय: दोपहर 3:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक

स्थान: सोमनाथ मंदिर परिसर, गुजरात

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *