कथा के द्वितीय दिवस पर महाराज श्री के सुपुत्र श्री देवांश ठाकुर जी ने अत्यंत सरल, मधुर एवं भावपूर्ण शैली में भक्तों को भागवत चिंतन का रसपान करवाया। उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत भगवान श्रीकृष्ण तक पहुँचने का दिव्य मार्ग है। कथा श्रवण से मनुष्य के अंतःकरण की शुद्धि होती है, जीवन में सद्भाव, श्रद्धा और भक्ति का संचार होता है तथा भगवान की कृपा सहज रूप से प्राप्त होती है। श्री देवांश ठाकुर जी ने गुजराती में भजन गाकर भक्तों का मन मोह लिया। उनके मधुर गायन से पूरा वातावरण भक्ति और आनंद से ओत-प्रोत हो गया।

महाराज श्री ने भक्तों को पूज्य शुकदेव जी महाराज का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि शुकदेव जी महाराज जन्म से ही परम ज्ञानी, वैराग्यवान और भगवान के अनन्य भक्त थे। उन्होंने संसार के मोह-माया को त्यागकर भगवान की भक्ति और आत्मज्ञान का मार्ग अपनाया। उनके श्रीमुख से प्रवाहित हुई श्रीमद्भागवत कथा ने राजा परीक्षित सहित असंख्य जीवों का कल्याण किया। शुकदेव जी का जीवन हमें सिखाता है कि सच्चा सुख संसार की वस्तुओं में नहीं, बल्कि भगवान के चरणों में है।

हर व्यक्ति को जीवन में एक बार नहीं, बार-बार श्रीमद्भागवत कथा अवश्य सुननी चाहिए। जैसे शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन भोजन की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार आत्मा की शुद्धि और मन की पवित्रता के लिए कथा श्रवण आवश्यक है। कथा के माध्यम से मनुष्य भगवान की लीलाओं, भक्तों के आदर्श जीवन और धर्म के गूढ़ सिद्धांतों को समझता है। श्रीमद्भागवत कथा वह अमृत है जो मनुष्य को मृत्यु के भय से मुक्त होकर अमर आत्मा के सत्य का बोध कराती है। यह जीवन को केवल सफल ही नहीं, बल्कि सार्थक बनाने का मार्ग दिखाती है।

अधिक मास में तीर्थस्थलों पर किया गया दान अनेक गुना पुण्य प्रदान करने वाला माना गया है। इस अवधि में किए गए जप, तप, दान, व्रत और सेवा का फल सामान्य दिनों की अपेक्षा विशेष माना जाता है। अधिक मास में तीर्थ पर किया गया अन्नदान, वस्त्रदान, गौसेवा, जलसेवा और धर्मकार्य विशेष फलदायी होता है। तीर्थ की पावनता और अधिक मास की महिमा मिलकर साधक के पुण्य को कई गुना बढ़ा देती है।

माथे पर तिलक, हाथ में कलावा और गले में कांठी होना आवश्यक है। शास्त्र कहते हैं कि जिसके माथे पर तिलक नहीं होता, वह पाप का भागी होता है। माथे पर तिलक लगाने से व्यक्ति के मस्तिष्क में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वह मानसिक शांति का अनुभव करता है। हाथ में बंधा कलावा रक्षा, शुभता और संकल्प का प्रतीक माना जाता है | तिलक लगाने से मन में सकारात्मकता, एकाग्रता और आत्मविश्वास का संचार होता है तथा व्यक्ति को मानसिक शांति और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होती है।

बचपन वह अवस्था है जब मन निर्मल, हृदय निष्कपट और विचार पवित्र होते हैं। ऐसे समय में किया गया भजन, कथा-श्रवण या सत्संग केवल एक कर्म नहीं होता, वह संस्कार का बीज होता है, जो आगे चलकर जीवन के हर क्षेत्र में शुभ फल देता है। जो माता-पिता अपने बच्चों को कथा श्रवण कराते हैं, वे उन्हें केवल धर्म नहीं दे रहे, बल्कि एक दिव्य जीवन दृष्टि दे रहे हैं। कथा का श्रवण करने से बच्चों के मन में ईश्वर के प्रति श्रद्धा, माता-पिता के प्रति आदर और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव जाग्रत होता है।

अधिक मास के पावन माह में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन

दिनांक: 29 मई से 04 जून 2026 तक

समय: दोपहर 3:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक

स्थान: सोमनाथ मंदिर परिसर, गुजरात

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *